चुनावी रंजिश में देर शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ककराला, पुलिस बल तैनात

बदायूँ जनमत। जिले के कस्बा ककराला में फायरिग जैसी घटना यूं तो कोई नई बात नहीं है। लेकिन शनिवार को यहां दो बार फायरिग हुई। इसके पीछे पुलिस की बड़ी लापरवाही बताई जाती है। बताते हैं कि दोपहर में चुनावी बहस के बाद जब फायरिग हुई तो इसे पुलिस कर्मियों ने बड़े हल्के अंदाज से लिया। आला अधिकारियों को भी इसकी सूचना नहीं दी। यही कारण रहा कि दबंगों और अराजकतत्वों के हौसले इतने बढ़ गए कि शाम को पुलिस गश्त के दौरान भी फायरिग की गई। दो पक्षों में हुए इस विवाद की जड़ चुनावी बहस को ही बताया जा रहा है। फिलहाल क्षेत्र में दहशत के बीच बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा ककराला में रहने वाले असरार उर्फ मैली पुत्र मियांजान सपा समर्थक है। जबकि रूस्तम भाजपा समर्थक है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे असरार पक्ष और रूस्तम पक्ष के लोग मैली की चाय की दुकान पर बैठे थे। अचानक यहां चुनावी चर्चा शुरू हुई जो कुछ देर में ही बहस में बदल गई। बहस के दौरान सपा पक्ष ने खुशी जाहिर करने के लिये आतिशबाजी दागनी शुरू कर दी। मना करने को लेकर असरार और रूस्तम पक्ष के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्ष में लात घूंसे से जमकर मारपीट हुयी। बताते हैं कि इस दौरान फायरिग भी की गई। मामला बढ़ता देख कस्बे के सभ्रांत लोगों ने बीच में पड़कर मामला शांत करा दिया। लेकिन दोनों ही पक्षों ने ककराला चौकी पहुंचकर एक दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। पुलिस ने उनका शांत किया और दोनों पक्ष से तहरीर ले ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। शाम पांच बजे दोनों पक्ष एक बार फिर से आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज और मारपीट हो गयी। दोनों पक्षों के लोग अपनी-अपनी छतों पर चढ़ गये और फायरिग शुरू कर दी। फायरिग से इलाके में अफरा तफरी का माहौल हो गया। फायरिग की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश देना शुरू किया, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। अलापुर इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इस पर दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। शाम को फायरिग की सूचना पर वह खुद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बताया कि कस्बे में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

चौकी पुलिस की लापरवाही ने कराया बवाल : 

इस पूरे मामले के पीछे ककराला चौकी पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच दोपहर में मारपीट हुई थी। उस समय भी दो से तीन राउंड फायरिग हुई थी, लेकिन जानकारी मिलने के बाद भी पुलिस मौके नहीं पहुंची। बाद में दोनों पक्ष ककराला चौकी भी पहुंचे और तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने फायरिग की जानकारी के बाद भी किसी को हिरासत में नहीं लिया। उसी समय अगर कार्रवाई हो जाती तो शाम को दोबारा बवाल न होता।
दातागंज थाने के सीओ प्रेम कुमार थापा मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। खुद मौके पर हूं और आरोपितों की तलाश में टीम लगी हैं। सुबह के समय फायरिग की जानकारी नहीं है। चौकी पुलिस की लापरवाही कहां रही, इसकी जानकारी कराई जाएगी। फिलहाल सबसे पहले फायरिग करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पिता की हत्या का आरोपी बेटा गिरफ्तार, खेत में घेरकर दो तमंचों से बरसाईं थीं गोलियां

हैरतअंगेज: सब्जी में थूक लगाने की घटना पुलिस की ही थी साजिश, जांच के बाद दोषी सिपाही निलंबित

सपा प्रत्याशी की आवभगत में लगे उसहैतवासी, सुरेंद्र बोले 'इंटर कॉलेज दोगे तब करेंगे सपोर्ट'